आजमगढ़/अंबारी। किसान आंदोलन के समर्थन में सपा के ट्रैक्टर जुलूस पर पुलिस-प्रशासन की सख्ती से सपाई अड़ गए हैं। सपा के निर्वमान जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि योगी आदित्यनाथ तानाशाह शासक हो गए हैं। उनको समाजवादी पार्टी से भय है। इस कारण समाजवादी पार्टी का कोई भी कार्यक्रम रोकने का प्रयास करते हैं। सपा संघर्षों से निकली पार्टी है। महात्मा गांधी व डा. लोहिया के अहिंसात्मक रास्ते पर चलकर रैली व प्रदर्शन करती है। गणतंत्र दिवस पर किसानों के समर्थन में ट्रैक्टर यात्रा को कमजोर करने के लिए ट्रैक्टर मालिकों को पुलिस नोटिस भेज रही है। पुलिस डरा-धमका रही है। दमनात्मक कार्रवाई से सपा नहीं झुकेगी। सपा का आंदोलन न कभी रुका है न कभी रुकेगा। सपा लोकतांत्रिक तरीके से ट्रैक्टर जुलूस निकालेगी।
उन्होंने नेताओं-पदाधिकारियों का आह्वान किया कि गांव-गांव से ट्रैक्टरों का जुलूस निकालकर किसान विरोधी कृषि कानून के विरोध में अपनी असहमति व्यक्त करें। प्रशासन और किसी की धमकी से सपा के लोग डरने वाले नहीं हैं। वहीं, पूर्व सांसद रमाकांत यादव ने कहा कि शासन-प्रसासन चाहे जितनी सख्ती दिखाए 26 जनवरी को किसानों के पक्ष में ट्रैक्टर-रैली निकाली जाएगी। किसानों की संख्या अधिक होने पर ट्रैक्टर के साथ ट्राली भी रहेगी। यह किसानों के हित की लड़ाई है।