बिलरियागंज थाना क्षेत्र के टापटेन अपराधी प्रदीप यादव को लखनऊ एसटीएफ की टीम ने शनिवार की देर रात जैगहा बाजार के पास से गिरफ्तार कर लिया। पंचायत चुनाव के दौरान अपने साथियों के साथ उसने पुलिस टीम पर हमला भी किया था। तब से पुलिस को उसकी तलाश थी। उस पर एसपी ने 15 हजार का इनाम घोषित किया था।
एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर एसटीएफ लखनऊ की टीम शनिवार को जिले में थी। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जैगहा बाजार के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान टॉपटेन अपराधी प्रदीप यादव निवासी शहाबुद्दीनपुर बस से उतरा और पैदल ही बिलरियागंज की तरफ जाने लगा। पुलिस ने उसे रोक कर पूछताछ की। इस दौरान अपराधी प्रदीप यादव की पुष्टि होने पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। एसपी ने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान प्रदीप अपनी मां को शहाबुद्दीनपुर ग्राम प्रधान पद पर चुनाव लड़ा रहा था। इस दौरान वह अपने साथियों के साथ शराब भी बांट रहा था। जिसकी सूचना पर बिलरियागंज थाना पुलिस गांव में पहुंची तो पुलिस टीम पर हमला कर फरार हो गया था। इस मामले में बिलरियागंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसमें प्रदीप के अलावा जगदीप व संदीप को भी नामजद किया गया था। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था। प्रदीप थाने का टॉपटेन अपराधी है और उस पर 15 हजार का इनाम घोषित था।