शहर के सिधारी रेलवे क्रासिंग पर बने ओवरब्रिज के नीचे स्थित एक मकान में गैस रिसाव के चलते आग लग गई और तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। इस घटना में कोई घायल तो नहीं हुआ लेकिन सभी सामान जल कर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने अथक प्रयास कर आग पर काबू पा लिया। इसके बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची।
सिधारी थाना क्षेत्र के डुगडुगवा गांव निवासी शहजादे सलमानी पुत्र जब्बार सलमानी का सिधारी रेलवे क्रासिंग ओवर ब्रिज के नीचे भी एक मकान है। इस मकान में शहजादे नीचे सैलून खोल रखा है। मकान की छत पर करकट डाल कर अपना रसोई बना रखा है। मंगलवार की शाम लगभग छह बजे रसोई में रखे गैस रिसाव के चलते आग लग गई और सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। इसके साथ ही रसोई में रखा सारा सामान जल कर खाक हो गया। सिलेंडर फटते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग आनन-फानन में आग बुझाने की कवायद में जुट गए। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। वहीं सूचना के आधा घंटा बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। जबकि सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही आग बुझाने की कवायद में जुटी रही।