श्री मारवाड़ी धर्मशाला में श्री राणी सती श्याम भक्त मंडल, श्री श्याम भक्त मंडल एवं नारायणी भजन संस्था द्वारा श्री राणी सती दादी जी का वार्षिकोत्सव बुधवार को मनाया गया। इस उत्सव में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया और दादी जी की कृपा का अनुभव किया।
कार्यक्रम में सूरत से पधारीं सुरभि बिरजुका ने अपने मधुर भजनों से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके द्वारा गाए गए भजनों जैसे ''आज लगा दरबार दादी का, दादी मां को आना है'', ''मोटी सेठाणी म्हारो बेड़ो पार लगानो पड़सी... ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
अयोध्या से पधारे नारायणी म्यूजिकल ग्रुप ने भी अपने संगीत और धुनों से भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कीर्तन का शुभारंभ पंडित अनमोल शर्मा ने मुख्य यजमान बलराम तुलस्यान और संदीप सराफ द्वारा दादी मां के समक्ष कलश पूजन करवाने के साथ किया।
इसके बाद दीपक और ज्योत जलाकर रात 8 बजे से कीर्तन शुरू हुआ, जो देर रात 1 बजे तक चला। आरती के साथ वार्षिकोत्सव का समापन हुआ। इस दौरान दादी जी को भोग लगाया गया और सभी भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
संस्था के अध्यक्ष शोभित अडूकिया ने कार्यक्रम में पधारे सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उत्सव को सफल बनाने में लगे संस्था के सदस्यों और समाज के साथियों के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस कीर्तन में त्रिवेणी देवी, शुभम तोदी, अभयनाथ जालान, अशोक रुंगटा, संजय डालमिया, नीरज गोयनका, हिमांशु डालमिया, प्रदीप बैरसिया, प्रत्यूष डालमिया, देव प्रकाश अग्रवाल, कृष्ण तुलस्यान, सम्पत शर्मा, अभिषेक खंडेलिया, गौरव अग्रवाल आदि उपस्थित थे।