आईटीआई मैदान में शुक्रवार को अपने चुनावी ड्यूटी की जानकारी के लिए परेशान महिला मतदानकर्मी।
विधानसभा चुनाव की बिसात बिछ चुकी है। अब जिले की जनता की बारी है अपना नुमाइंदा चुनने की। अब लोगों को फैसला करना है कि उनका नेता कैसा होगा पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों तक पहुंच चुकी हैं। जनपद की दस विधानसभाओं में कुल 116 प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं। इनके भाग्य का फैसला शनिवार को जनपद के 3429522 मतदाता 2298 मतदान केंद्रों पर करेंगे। मतदान का सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने बताया कि जनपद को 253 सेक्टर और 29 जोन में बांटा गया है। निगरानी के लिए सभी विधानसभाओं में एक-एक सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 253 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 24 रिजर्व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर क्या करें, क्या न करें इस तरह के पोस्टर चिपके रहेंगे।
सभी बूथों पर विकलांग और अशक्त मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। बूथों पर रैंप की जानकारी प्रशासन द्वारा तैयार करा ली गई है। हर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ एक वीडियोग्राफी टीम रहेगी, जो मतदान के दौरान हर गतिविधि को कैद करेगी। सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा उसके पूर्व सुबह छह बजे से माइक्रोआब्जर्वर और सभी पार्टियों की मौजूदगी में सभी मतदान केंद्रों पर बने बूथों पर मॉकपोल होगा।