हादसे में घायल 11 छात्रों के बेहतर उपचार और मुआवजा देने के लिए अन्य छात्रों ने छात्र संगठन की अध्यक्ष शीला यादव के नेतृत्व में सोमवार को शिब्ली महाविद्यालय परिसर में धरना दिया। इसके बाद प्राचार्य के माध्यम से जिला प्रशासन को मांग पत्र सौंपा। छात्रों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं हुआ तो होली बाद ये धरना अनशन में तब्दील हो जाएगा।
बता दें 25 फरवरी को घर से विद्यालय आने के दौरान कंधरापुर थाने के चेवता मोड़ के पास अनियंत्रित ट्रक ने आटो में टक्कर मार दिया। हादसे में आटो में सवार चालक सहित 11 छात्र- छात्राएं घायल हो गई। सूचना पर जिला प्रशासन घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया।
इसी बीच सोमवार को शिब्ली कालेज छात्र संघ की अध्यक्ष शीला यादव के प्रतिनिधि हरिकेश यादव का कहना है कि घायल छात्रों के उपचार में अस्पताल की तरफ से लापरवाही की जा रही है।
हरिकेश की मांग है, कि घायल हुए छात्रों को मुआवजा दिया जाए, आदि मांगों का ज्ञापन प्राचार्य के माध्यम से जिला प्रशासन को भेजा। हरिकेश ने बताया कि सोमवार को दिया गया धरना सांकेतिक था। यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं हुआ तो होली बाद जब महाविद्यालय खुलेगा तो छात्र अनशन शुरू करेंगे। धरने में विनीत सिंह, लालजीत यादव, उत्सव सिंह, गोपाल यादव, अभिषेक यादव, नवनीत, बृजेश, संदीप, अमर नाथ, भोनू, शशिकांत आदि शामिल रहे।