बारिश के बाद मौसम में बदलाव के बीच वायरल संक्रमण के साथ अब गले का संक्रमण भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन गले में खराश, दर्द और संक्रमण की शिकायत लेकर 60 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. सतीशचंद कन्नौजिया ने बताया कि इन दिनों गले के संक्रमण की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि कई मरीजों में बुखार ठीक होने के बाद भी गले की समस्या बनी रह रही है।
उनके अनुसार कुछ मरीजों को पूरी तरह स्वस्थ होने में एक सप्ताह या इससे अधिक समय लग रहा है। वायरल बुखार से पीड़ित मरीजों में बुखार उतरने के बाद गले में खराश, निगलने में परेशानी, दर्द और सूखापन जैसी समस्या सामने आ रही है।
उन्होंने बताया कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और बारिश के कारण संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लापरवाही करने पर गले की समस्या लंबे समय तक बनी रह सकती है। बुखार ठीक होने के बाद भी गले में संक्रमण रहने पर चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है।
-
गले के संक्रमण से बचाव
गुनगुना पानी नियमित रूप से पीते रहें।
ठंडी चीजें, आइसक्रीम और ठंडे पेय से परहेज करें।
भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करें।
खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकें।
हाथों को साबुन से बार-बार धोते रहें।
बहुत ज्यादा मसालेदार और तली-भुनी चीजों से बचें।
बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक दवा न लें।