Azamgarh News : युवकों पर चाकू से हमला करने की सूचना मिलते ही अतरौलिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घायल युवकों से भी घटना की जानकारी ली गई। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
आजमगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र के खानपुर रना (खपुरा) गांव में एक मनबढ़ युवक ने मेला देखकर आ रहे तीन लोगों पर चाकू के वार से घायल कर दिया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर दो की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। वहीं इस मामले में पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
विज्ञापन
अतरौलिया बाजार निवासी आकाश (20) अपने साथी दीपक और अमित के साथ शुक्रवार की रात मेला देखने गया था। तीनों मेला देखकर रात करीब 11.30 बजे घर आ रहे थे। तभी तीन-चार की संख्या में मनबढ़ युवक पूरब पोखरा के समीप बैठे हुए थे। जैसे ही तीनों उधर से गुजर रहे थे तभी उक्त मनबढ़ युवक गाली देने लगे और उन पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में आकाश के गर्दन पर गंभीर चोट लगी है और सीने पर भी काफी चोट आई हैं। दीपक और अमित भी घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से आकाश और अमित की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के चाचा की तरफ से लिखित तहरीर प्राप्त हुई है और मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।