बिंद्राबाजार। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गंभीरपुर बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास मंगलवार की देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बसीरहा गांव निवासी आकाश (22 वर्ष) और उसका रिश्तेदार जतिन (19 वर्ष) निवासी देवइत थाना मेहनगर, एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। वहीं दूसरी ओर से गंभीरपुर निवासी संदीप (25 वर्ष) अपनी बाइक से बाजार की ओर आ रहा था। प्राथमिक विद्यालय के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। जिला अस्पताल में तीनों युवकों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।