कलेक्ट्रेट के सभागार में बैठक को संबोधित करते प्रदेश के मंत्री सुरेश सिंह राणा।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। आजमगढ़ पहुंचे गन्ना विकास मंत्री और प्रभारी मंत्री सुरेश राणा शुक्रवार को जनपद पहुंचे। कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदेश सरकार के कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने तीन साल में जो किया वह प्रदेश में 70 साल में हुए विकास कार्यों पर भारी है। आने वाले दो सालों के लिए भी प्रदेश सरकार ने ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है।
उन्होंने कहा कि कोई भी ऐसा क्षेत्र नहीं है जिस क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य न हुआ हो। पहली बार उप्र दिवस मनाया गया। प्रयागराज में भव्य कुंभ का आयोजन हुआ। जहां प्रदेश में 12 मेडिकल कालेज थे हमारी सरकार ने तीन साल में 30 मेडिकल कालेज खोले। 3404 चिकित्सकों की तैनाती की। सीएम जन आरोग्य मेले में अब तक 17 लाख लोग इलाज और जांच करा चुके हैं। प्रदेश में एक करोड़ 18 लाख आयुष्मान भारत योजना का गोल्डेन कार्ड बनना है। वहीं श्रम विभाग द्वारा तीन लाख 25 हजार लोगों को रोजगार दिया गया। भारत सरकार की नमामि गंगे योजना के तहत 45 कार्य होने हैं जिसमें से 16 परियोजनाएं उप्र में पूर्ण हो चुकी हैं। प्रदेश सरकार का सबसे बड़ा कार्य शीशा नाला को टैप करना है। उप्र में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अब तक एक लाख जोड़ों की शादी कराई जा चुकी है। प्रदेश सरकार जेवर में एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाने जा रही है। उप्र की कानून व्यवस्था पूरे देश के लिए रोल माडल है। प्रदेश में एक लाख 67 हजार गांवों को सौभाग्य योजना तहत बिजली से जोड़ा गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने उप्र में परिवारवाद, जातिवाद और लूट खसोट की राजनीति से मुक्ति दिलाई है। इस मौके पर डीएम एनपी सिंह, एसपी प्रो. त्रिवेणी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आजमगढ़ ध्रुव सिंह, लालगंज ऋषिकांत राय, पूर्वांचल विकास बोर्ड के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद नीलम सोनकर, पूर्व मंत्री कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, अखिलेश मिश्रा आदि उपस्थित थे।