लालगंज। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कस्बा लालगंज में एक भवन के निचले हिस्से में भरे बारिश के पानी में डूबने से तीन साल की बच्ची मौत हो गई। आनन फानन में बच्ची को पानी में से निकालकर परिजन अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना रविवार देर शाम की है। घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिवार के लोग बच्ची का शव लेकर गाजीपुर स्थित घर लेकर चले गए।
गाजीपुर जिले के रहने वाले राजेश पांडेय लालगंज बाजार स्थित एक स्कूल में शिक्षक हैं। वह गोला मंडी स्थित घमिरिया मंदिर के पास ओमप्रकाश जायसवाल के मकान में किराये पर परिवार के साथ रहते हैं। रविवार की देर शाम वह अपनी तीन साल की नातिन परिधि पांडेय को कमरे मे ंलेकर जा रहे थे। इस दौरान अचानक परिधि सीढ़ी से फिसलकर अंडर ग्राउंड में गिर गई। अंडरग्राउंड में बारिश का पानी भरा हुआ था जिसमें परिधि डूब गई। परिजनों ने उसे पानी से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे जहां परीक्षण कर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद हड़कंप मच गया। राजेश पांडेय नातिन परिधि की लाश लेकर गाजीपुर चले गए।