कप्तानगंज थाना क्षेत्र में पकड़ा गया देशी शराब को स्टीकर।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के नंदाव बाजार निवासी एक व्यक्ति के आवास से भारी मात्रा में एक ब्रांडेड कंपनी के प्रोडक्ट की नकली खेप बरामद हुई है। कंपनी की जांच टीम की शिकायत पर पुलिस ने यह माल बरामद किया। नकली सामान तैयार करने वाले को गिरफ्तार भी कर लिया गया। कंपनी के जांच अधिकारी ने इस बाबत सरायमीर थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया है।
आयुर्वेद दवाओं के साथ ही सौदर्य प्रसाधन के प्रोडक्ट तैयार करने वाली मुुंबई की एक कंपनी के नकली प्रोडक्ट जिले में बेचे जाने की कई शिकायतें कंपनी को मिली थीं। इसकी जांच के लिए कंपनी ने अपनी जांच टीम भेजी। इस दौरान कुछ दुकानों पर नकली माल भी मिला। जिसके बाबत पूछताछ करने पर दुकानदारों ने बताया कि उक्त प्रोडक्ट को वे सरायमीर थाना क्षेत्र के नंदाव बाजार निवासी एक व्यक्ति से लेते है। इस पर कंपनी के अधिकारियों ने गुप्त रूप से नंदाव बाजार में पहुंच कर जांच पड़ताल की। नंदाव बाजार निवासी राजेश यादव पुत्र स्व. कल्पू यादव के यहां नकली प्रोडक्ट तैयार किये जाने की पुष्टि होने पर कंपनी के जांच टीम प्रमुख अमित झा ने सरायमीर थाने पर इसकी सूचना दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने राजेश यादव के आवास पर छापा मारा, जहां भारी मात्रा में कंपनी के नकली तैयार माल मिले। इसके साथ ही प्रोडक्ट के स्टीकर, शीशी आदि भी मिले। पुलिस ने मौके से राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। कंपनी के अधिकारी की तहरीर पर राजेश के खिलाफ कॉपी राइट एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मौके से पुलिस ने पैरासूट जासमीन 90 एमएल की भरी हुई शीशी आधा बोरा, गुलाबरी का एक भरा बोरा छोटा, स्टीकर, परासूट जासमीन की खाली शीशी व स्टीकर बरामद किए।