आजमगढ़। सिधारी थाने की पुलिस ने बृहस्पतिवार को चोरी की छह घटनाओं का खुलासा किया। पुलिस ने अंतरजनपदीय गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को शाहगढ़ गांव से गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से लगभग 1.5 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने, एक मोबाइल, बाइक, कीबोर्ड, माउस और 5400 रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों से की गई पूछताछ में थाना सिधारी क्षेत्र की पांच और थाना कोतवाली क्षेत्र की एक चोरी की घटना का खुलासा हुआ। बरामदगी में चार सोने की अंगूठियां, तीन सोने के कान के टप्स, दो सोने के लाकेट, एक सोने की चेन, मोबाइल, मोटरसाइकिल, कीबोर्ड, माउस और नकदी शामिल है। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती गांव निवासी मो. शाहिद, सठियांव गांव निवासी मो. अब्दुल्ला उर्फ छोटू व नूरपुर गांव निवासी विपिन प्रजापति शामिल है।
पूछताछ में कई वारदातों का किया खुलासा
आजमगढ़। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों का खुलासा किया, जिनमें कांशीराम आवास, पल्हनी, पटखौली व खोजापुर पंचायत भवन सहित विभिन्न स्थानों पर की गई चोरियां शामिल हैं। बताया कि अब्दुल्ला ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा है।
चोरी के बाद सोना और अन्य कीमती सामान वह अपने दोनों साथियों को बेचने के लिए देता था, इसके बाद पैसे का बंटवारा आपस में कर लेते थे। आरोपियों ने कबूल किया कि 18 जून 2025 को कांशीराम आवास से ताला तोड़कर सोने के गहने चुराए, 22 दिसंबर 2024 को पल्हनी में एक मकान से नकदी व जेवरात, 31 जुलाई को पटखौली गांव से सोने की अंगूठी, हीरे की अंगूठी, कान के गहने और नकदी और 26 मार्च 2025 को खोजापुर पंचायत भवन से कंप्यूटर उपकरण चोरी किए।