सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा सगड़ी में मनबढ़ों ने एक युवक की पिटाई कर दी। छुड़ाने के लिए पहुंचे युवक के मां व भाई को भी मनबढ़ों ने मारपीट कर घायल कर दिया। दो समुदायों के बीच का मामला होने के चलते गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले गई। एसओ ने तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है। वहीं गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
सगड़ी कस्बा निवासी 22 वर्षीय राजकुमार चौहान का बड़ा हाता है। इसी हाते में काली माता का मंदिर भी स्थित है। राजकुमार इसी परिसर में अपने भाई 18 वर्षीय दूधनाथ व मां 50 वर्षीया हेमंता देवी के साथ रहता है। शनिवार को दूसरे समुदाय के कुछ लड़के पतंगबाजी के दौरान हाता की चाहरदीवारी फांद कर अंदर घुस गए थे। जिस पर राजकुमार ने उन लड़कों को डांट-फटकार लगाई थी। लड़कों ने भी बाहर निकलने पर देख लेने की धमकी दी थी। रविवार की शाम छह बजे के लगभग राजकुमार बाजार जाने के लिए घर से निकला। इसी दौरान मनबढ़ लड़कों ने उस पर हमला बोल दिया और पीटने लगे। राजकुमार को पिटता देख कर भाई दूधनाथ व मां हेमंता भी मौके पर पहुंच गई। इन पर भी मनबढ़ लड़कों ने हमला बोला और मारपीट कर गंभीर रुप से घायल कर दिया। दो समुदायों के बीच का मामला होते ही गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सूचना पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को इलाज क लिए अस्पताल भेजा। वहीं पुलिस के पहुंचने के पूर्व ही हमलावर युवक मौके से फरार हो गए। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए फोर्स तैनात कर दी गई है। एसओ स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि अभी घायल इलाज करा रहे है। उनकी तरफ से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर हमलावरों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।