बलरामपुर। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था के दावे हकीकत से कोसों दूर नजर आ रहे हैं। ओपीडी में सुबह से पहुंचने वाले मरीजों को पर्चा बनवाने के बाद भी चिकित्सकों का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। मंगलवार सुबह 9:30 बजे अस्पताल की पड़ताल में तीन चिकित्सक अपने कक्षों में मौजूद नहीं मिले, जबकि मरीज बाहर इंतजार करते मिले। यहां तक एसआईसी भी अपने कक्ष में मौजूद नहीं थे।
पड़ताल के दौरान सुबह 9:30 बजे ओपीडी में नाक-कान-गला विशेषज्ञ डॉ. राम केवल पासवान अपने कक्ष में नहीं मिले। फिजिशियन डॉ. अतुल श्रीवास्तव 9:35 बजे तक अनुपस्थित थे, वहीं चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. पूनम कुमारी 9:40 बजे तक कक्ष में नहीं पहुंची थीं। ओपीडी कक्ष खुले होने के बावजूद चिकित्सकों की गैरमौजूदगी से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे बड़ी बात तो यह रही कि अस्पताल के दूसरे तल पर स्थित एसआईसी भी अपने कक्ष में मौजूद नहीं थे। अस्पताल में मरीज सुबह जल्दी पहुंचकर भी चिकित्सकों के इंतजार में घंटों बैठे रहे।
बोले मरीज
गला दिखाने के लिए सुबह 9:00 बजे आए हैं। गले में काफी दर्द है। सोचा था कि जल्दी से दिखाकर घर धूप तेज होने से पहले घर पहुंच जाएंगे लेकिन 9:30 बज रहे हैं और अभी तक डॉक्टर नहीं आए। रविंद्र बेदरा, महराजगंज।
अस्पताल हमारे यहां से काफी नजदीक है। इसलिए सुबह आठ बजे ही आ गए। नाक में दिक्कत है, उसी को दिखाना था। साढे नौ बज चुके हैं, लेकिन अभी तक चिकित्सक ही नहीं आए हैं। -हरिकेश, बिलरिया की चुंगी।
पैर में सूजन हुई जो कम होने का नाम नहीं ले रही है। सोचा दिखाकर दवा ले लेें। इसके लिए सुबह 8:30 बजे आ गए थे। पर्ची कटाकर नंबर तो लगा दिया लेकिन अभी तक डॉक्टर नहीं आए।-राजेंद्र, बाजार गोसाईं।
कुछ स्किन संबंधी बीमारी हो गई है। डॉ. पूनम कुमारी को दिखाना था। देर होने पर धूप तेज हो जाएगी। यह सोचकर सुबह साढ़े आठ बजे यहां आग गई थी। लेकिन अभी तक डाक्टर साहब नहीं आई हैं।-गुंजा देवी, रैदोपुर।
सभी चिकित्सक अस्पताल आ चुके थे। डॉ. राम केवल पासवान, डॉ. पूनम कुमारी और डॉ. अतुल श्रीवास्तव वार्ड में राउंड पर थे। मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी चिकित्सकों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।-डॉ. ओमप्रकाश सिंह, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक।