आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र की लड़की के साथ जौनपुर में गैंगरेप प्रकरण में एसओ ने जहां पहले मुकदमा दर्ज करने से इंकार कर दिया था वहीं अब तेज कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज करने के 24 घंटे के अंदर ही चार नामजद आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है।
बरदह थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती का एक युवक से प्रेम प्रपंच चल रहा था। युवक के साथ वह जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना अंतर्गत उसके गांव गई थी। जहां प्रेमी के साथ ही उसके कुछ दोस्त भी मौजूद थे। सभी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। इस पर लड़की की मां बरदह थाने पर पहुंची और तहरीर दिया तो पुलिस ने दूसरे थाना क्षेत्र की घटना होने की बात कहते हुए मुकदमा दर्ज करने से मना कर दिया। एसपी ने प्रकरण को संज्ञान में लिया और मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद एसओ बरदह ने युवती की तहरीर पर चार के खिलाफ शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के अंदर ही तीन नामजद आरोपियों अमन राजभर पुत्र जोगेंद्र राजभर, कुन्नू उर्फ नवनीत यादव पुत्र सुरेंद्र यादव व आकाश राजभर पुत्र रामअवतार राजभर निवासी चौकी पिलखुआ थाना गौराबादशाहपुर को जीवली चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।