आजमगढ़। तरवां थाना के फद्दूपुर गांव स्थित इंटर कालेज से बरामद भारी मात्रा में अवैध शराब का मुख्य कारोबारी संदीप सिंह उर्फ डिम्पू है। इस अवैध कारोबार में स्कूल प्रबंधक के साथ ही कई अन्य हिस्सेदार भी शामिल है। स्कूल प्रबंधक को शुक्रवार को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया था लेकिन मुख्य कारोबारी के साथ अन्य हिस्सेदार अभी फरार है, जिनकी तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई है।
मुखबिर से मिली सूचना पर शुक्रवार को फद्दूपुर स्थित श्री मातबर सिंह इंटर कालेज पर पुलिस टीम ने दबिश डाला था। इस दौरान विद्यालय परिसर में भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। जिसकी कीमत 30 लाख रुपये आंकी गई थी। मौके से पुलिस ने विद्यालय के प्रबंधक अमरदीप सिंह को गिरफ्तार भी किया था। वहीं मौके से पांच अन्य लोग फरार हो गए थे। फरार हुए लोगों में संदीप सिंह उर्फ डिम्पू निवासी नदवां, लालू मौर्या निवासी जमुवां, शिवलाल मौर्या निवासी जमुवां थाना तरवां के अलावा दो अज्ञात भी शामिल हैं। मौके से फरार हुए लोगों में शामिल संदीप सिंह डिम्पू ही इस अवैध शराब का मुख्य कारोबारी है। इनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कई टीम सक्रिय कर दी गई है। एसओ स्वतंत्रदेव सिंह ने बताया कि संदीप पूर्व में भी अवैध शराब कारोबार में संलिप्त रहा है। उसपर आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज है। संदीप समेत सभी फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इनके खिलाफ गैंगेस्टर के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।