आजमगढ़। ठंड को देखते हुए परिवहन निगम मुख्यालय ने सभी बसों में हवा जाने के रास्तों को बंद करने का आदेश जारी किया है। इसके लिए सप्ताह भर की मोहलत देते हुए कहा है कि चेकिंग के दौरान अगर बसों में कहीं भी हवा घुसने का रास्ता दिखाई दिया तो जिम्मेदार पर कार्रवाई की जाएगी।
ठंड में रोडवेज की बसों को फिट रखने के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किया गया है। इसके बाद भी बसों मेंं अव्यवस्थाएं हैं। अमर उजाला टीम ने रविवार को इसकी पड़ताल की। इसमें कुछ बसों के शीशे नहीं मिले। कुछ बसों में रबड़ नहीं थे तो कुछ के क्लिपें टूट गई थीं। खबर प्रकाशित होते ही आरएम मनोज कुमार वाजपेयी ने आजमगढ़ परिक्षेत्र से संचालित समस्त डिपो के एआरएम को सभी अव्यवस्थाओं को ठीक कराने के निर्देश हैं। इस आदेश ने आजमगढ़, डा. अंबेडकर नगर डिपो समेत अन्य डिपो के अधिकारियों व कर्मचारियों की नींद उड़ा दी है। वर्कशॉप में दिन-रात बसों को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है।
आजमगढ़ परिक्षेत्र की समस्त डिपो से संचालित बसों को फिट करने के लिए निर्देश दिया गया है। यदि सड़क पर खराब बसों का संचालन होता पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।- मनोज कुमार वाजपेयी, आरएम आजमगढ़।