अहरौला। अहरौला थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक जारी है। इस बार चोरों ने रविवार की रात थाना क्षेत्र के कठही गांव में सेवानिवृत्त बीडीओ के घर के पीछे बने शौचालय पर चढ़कर सो रहे परिजनों के कमरे में बंद कर लगभग तीन लाख के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आद्या प्रसाद चौबे पुत्र पलक धारी लगभग 20 साल पहले बीडीओ के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इस समय अस्वस्थ है। गांव कठही स्थित मकान में उनके पुत्र विनय चौबे उनके पास बाहर बरामदे में सोए थे। परिवार के अन्य लोग घर में अलग-अलग कमरे में सोए थे। चोर शौचालय के सहारे छत के रास्ते घर में उतरे। कमरे में सो रहे सभी लोगों के दरवाजे बंद कर दिए। एक कमरे से तीन अटैची, एक बक्सा और अलमारी तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात उठा ले गए। भोर में जब लोग अपने कमरे का दरवाजा खोलने लगे तो सबके दरवाजे बाहर से बंद मिले। किसी तरह से पड़ोसियों को आवाज देने पर लोगों ने दरवाजा खुलवाया, तब परिवार के लोग बाहर निकले। अंदर देखा तो तीन अटैची, एक बक्सा और अलमारी खुली हुई थी। कीमती आभूषण गायब थे। सुबह लोगों ने अहरौला थाना पर जानकारी दीष पुलिस ने मौका मुआयना किया है। गृह स्वामी के अनुसार लगभग तीन लाख रुपये मूल्य के आभूषण और कीमती साड़ियां गायब हैं। घर के पीछे बच्चों के कुछ कपड़े फेंके मिले हैं। एसओ श्री प्रकाश शुक्ला ने बताया कि चोरी की जानकारी मिली है जांच की जा रही है।