चोरी के माल के साथ गिरफ्तार चोर रविवार की सुबह छह बजे के करीब शौच का बहाना बनाकर शहर कोतवाली से फरार हो गया। कोतवाल ने ड्यूटी पर तैनात मुंशी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस अधीक्षक राकेश चंद्र साहू ने बताया कि सीओ की रिपोर्ट पर मुंशी को निलंबित कर दिया गया।
कोतवाली गाजीपुर के सिकंदरपुर मुहल्ला निवासी पवन सिंह का परिवार चंदौली जिले के मुगलसराय थाने के नदिया करवत गांव में रहता है। पवन सिंह के गिरोह ने 20 नवंबर को शहर कोतवाली आजमगढ़ के कोलघाट मुहल्ले और 30 नवंबर की रात अजमतगढ़ कोडर गांव के दो घरों से लाखों का सामान चुरा लिया था।
शुक्रवार की रात शहर कोतवाल मो. ईसा खां ने पवन सिंह को अजमतगढ़ कोडर गांव के पास से गिरफ्तार किया था। आरोपी के पास से करीब तीन लाख रुपये के आभूषण, कीमती सामान और कपड़े बरामद हुए थे। पांच दिसंबर को ज्यादातर सिपाही और दरोगा चुनाव ड्यूटी में थे।
इसकी वजह से पवन को लाकअप में ही रखा गया था। रविवार की सुबह पवन ने मुंशी से शौच जाने की बात कही। इस पर ड्यूटी पर मौजूद लिपिक (मुंशी) गुप्तेश्वर राय उसे शौच कराने ले गए। वहीं से मुंशी का हाथ झटककर उनके चंगुल से निकल भागा।