जिले में चोरों की सक्रियता काफी बढ़ गई है। प्रतिदिन कहीं न कहीं चोर चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। वहीं पुलिस चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में फिलहाल पूरी तरह से असफल ही साबित हो रही है। बुधवार की रात निजामाबाद के चकिया हुसैनाबाद व पवई थाना के ओरिल बाजार में चोरी की घटनाएं हुईं। जिसमें चोरों ने लाखों की नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
फरिहां संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के चकिया हुसैनाबाद निवासी मो. अरशद के घर में बुधवार की रात घुसे चोर ने एक लाख नकदी के साथ ही सोने-चांदी के लगभग चार लाख कीमत के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। आहट होने पर परिजनों की नींद टूटी तो शोर मचाने पर चोर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने घटना के बाबत थाने पर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दिया है। वहीं पवई थाना के ओरिल बाजार निवासिनी नीलम के घर में पीछे से सेंध काट कर घुसे चोर घर का सारा कीमती सामान समेट कर फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार चोर आठ हजार नकदी के साथ ही पावजेब, गले का हार, लाकेट, कनफूल, पायल आदि ले गए है। दूसरी घटना गनेश बिंद के घर में हुई। यहां भी चोर सेंध काटकर घर में घुसे और पांच हजार नकदी के साथ ही कान की बाली, झुमका, मांगटीका, पायल आदि उठा ले गए। पीड़ितों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मुआयना किया। वहीं पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दे दी है।