अंबारी। अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल कस्बा स्थित एक व्यक्ति के मकान में छत के रास्ते घुसे चोरों ने नकदी समेत लाखों के माल पर हाथ पार कर दिया। सुबह पीड़ित परिवार को घटना की जानकारी हुई। गृहस्वामी ने घटना के बाबत पुलिस को तहरीर दी है।
नगर पंचायत अहरौला के पठानटोला मोहल्ला निवासी हुशनवाज खान पुत्र राजिउल्लाह शुक्रवार की रात परिवार के साथ सोने चले गए। हुशनवाज ने बताया कि रात में अज्ञात चोर छत पर चढ़े और सीढ़ी से मकान में उतर आए। इसके बाद चोरों ने प्रथम तल पर बने कमरों के तालों को तोड़ कर उसके रखे आलमारी, बक्सा आदि को खंगाल डाला। इस दौरान चोर 25 हजार रुपये नकद के साथ ही सोने की चेन, अंगूठी, हार, मंगलसूत्र, दो पायल समेत लगभग दो लाख के जेवरात, बैंक पासबुक आदि उठा ले गए। सुबह परिजन जब सो कर उठे तो घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने घटना के बाबत पुलिस को तहरीर दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।