आजमगढ़। हुनर संस्थान का ‘हुनर रंग महोत्सव’ 26 से 28 दिसंबर तक प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित किया जाएगा। मंगलवार की देर शाम स्कूल परिसर में हुई बैठक में आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई।
संस्थान के अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि कोविड को देखते हुए सीमित संख्या में नाटक व नृत्य दलों को बुलाया गया है। स्थानीय कलाकारों को भी स्थान दिया जाएगा। संस्थान सचिव सुनील दत्त विश्वकर्मा ने बताया कि देश के चुनिंदा आठ नाटकों को इस फेस्टिवल में इस वर्ष आमंत्रित किया गया है, जिनमें झारखंड, बिहार, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश के दल शामिल हैं। प्रतिदिन तीन नाटक और तीन नृत्य प्रस्तुतियां होगी। जनपद की कला व सामाजिक, सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़ी हुए विभूतियों का सारस्वत सम्मान किया जाएगा। हेमंत श्रीवास्तव, गौरव मौर्य, डा. शशि भूषण शर्मा, शशि सोनकर, कमलेश सोनकर, सावन प्रजापति, खुशी खरवार, आस्था, कामिनी प्रजापति, काजल प्रजापति, स्नेहा यादव आदि उपस्थित थे।