आजमगढ़। पंचायत चुनाव नामांकन के पहले दिन प्रत्याशियों में नामांकन को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिला। कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन के लिए बनाए गए हर काउंटर पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। कई नामांकन काउंटरों पर पर प्रत्याशियों की दो लाइन लगवानी पड़ी। इसके बाद भी शाम तक लाइन छोटी नहीं हो सकी। देर रात तक लगभग नौ बजे तक जिला मुख्यालय से लेकर ब्लाकों तक नामांकन कार्य चलता रहा।
नामांकन को लेकर सुबह आठ बजे से ही कलेक्ट्रेट क्षेत्र में काफी गहमा गहमी देखने को मिली। प्रत्याशी सुबह से ही नामांकन करने के लिए लाइन में लगने शुरू हो गए थे। कलेक्ट्रेट के दक्षिणी गेट से प्रत्याशियों को प्रवेश दिया जा रहा था। यहां पर पुलिस बल की व्यापक व्यवस्था की गई थी। पुलिस द्वारा बिना मास्क के किसी भी प्रत्याशी या उसके प्रस्तावक को अंदर जाने नहीं दिया जा रहा था।
गेट पर ही उनके हाथों को सैनिटाइज कराने के बाद अंदर जाने दिया जा रहा था। यहां पर पुरुष और महिला दोनों पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। सुरक्षा के लेकर नगर कोतवाल केके गुप्ता हाथों में माइक संभाले खुद मौके पर मौजूद थे। उनके द्वारा लोगों को बैरिकेडिंग से दूर रहने को कहा जा रहा था। प्रत्याशी जहां लाइन में लगे थे वहीं उनके समर्थक बैरीकेडिंग के बाहर खड़े प्रत्याशियों के बाहर आने का इंतजार करते रहे।
इस दौरान कलेक्ट्रेट चौराहे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। जैसे ही शाम को पांच बजने वाले थे तभी काफी संख्या में प्रत्याशी आकर नामांकन की लाइन में लग गए। पांच बजे तक जो लोग पहुंचे उनको टोकन देकर लाइन में लगा दिया गया। इसके बाद पहुंचे लोगों को वापस कर दिया गया। जो लोग लाइन में लगे थे उनके नामांकन दाखिल कराने में प्रशासन को पसीने छूट गए। जिसका परिणाम हुआ रात लगभग नौ बजे तक नामांकन का कार्य पूरा नहीं हो सका था।
महिलाएं भी देर रात तक लगी रही लाइन में
आजमगढ़। महिलाओं में भी पंचायत चुनाव को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। शाम पांच बजे नामांकन का कार्य बंद होने के बाद भी काफी संख्या में महिलाएं लाइन में लगी हुई थी। महिलाओं के साथ उनके प्रस्तावक तो अंदर थे। लेकिन उनके परिवार के सदस्य नामांकन के बाद उनके बाहर आने का इंतजार करते रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम राजेश कुमार ने बताया कि शाम पांच बजे के बाद नामांकन के लिए आने वाले लोगों को वापस कर दिया गया लेकिन इसके पहले काफी संख्या में लोग नामांकन के लिए लाइन में लग गए थे। अभी नामांकन का कार्य चल रहा है अभी इसमें डेढ़ से दो घंटे का समय लगने की संभावना है।