जिले की सभी दस सीटों पर सपा प्रत्याशियों की जीत से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। निर्वाचित प्रत्याशियों ने जनादेश को सलाम करते हुए मतदाताओं के प्रति आभार जताया है। कहा कि वे उनकी उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
आजमगढ़ सदर सीट पर जीत हासिल करने वाले सपा प्रत्याशी दुर्गा यादव ने कहा कि हम जनता का आभार करते हैं। जनता का हमें पूरा सहयोग मिला। हम जनता के लिए कार्य करेंगे। गोपालपुर विधानसभा के जीते प्रत्याशी नफीस अहमद ने कहा कि बाढ़ के कारण यहां की जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे निजात दिलाने का प्रयास होगा। जनता का तहेदिल से धन्यवाद करता हूं। सगड़ी विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक डॉ. एचएन पटेल ने कहा कि हम जनता को शुक्रिया करते हैं। हम जनता के उपचार में पूरा सहयोग करेंगे। ऑपरेशन की व्यवस्था निशुल्क की जाएगी। फूलपुर पवई के नवनिर्वाचित विधायक रामाकांत यादव ने कहा कि जनता ने मुझपर विश्वास किया है। हम उनके विश्वास को कायम रखेंगे। लालगंज के नवनिर्वाचित विधायक बेचई सरोज ने कहा कि जनता का हम आभार व्यक्त करते हैं। हमारा प्रयास रहेगा कि इस रूट पर हम रेलवे लाइन की शुरूआत कराने का प्रयास करें। दीदारगंज विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक कमलाकांत राजभर ने कहा कि जनता ने हम पर विश्वास किया है। हम जनता की हर समस्या को अपनी समस्या समझेंगे और उनका समाधान करने का प्रयास करेंगे। मेंहनगर विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक सपा की पूजा सरोज ने कहा कि जनता ने हमें विकास कार्य के लिए जीत दिलाई है। हम उनके विश्वास को नहीं तोड़ेंगे। निजामाबाद विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक आलम बदी ने कहा कि जनता की हर समस्याओं का समाधान करने का प्रयास होगा। अतरौलिया के नवनिर्वाचित विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि हमारा पूरा प्रयास होगा कि हम जनता को हर योजनाओं का लाभ दिलाएं। मुबारकपुर विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ने इस बार मुझ पर भरोसा जताया है। हम जनता के कदम से कदम मिलाकर चलेंगे और समस्याओं को दूर कराएंगे।