आजमगढ़। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 27 नवंबर को परीक्षा केंद्रों की सूची जारी करने की तिथि निर्धारित की गई थी। इसलिए बृहस्पतिवार को दिन भर कार्यालय से लेकर विद्यालयों तक हलचल बढ़ी रही। वहीं, दूसरे दिन शुक्रवार को भी यही हाल रहा।
देर शाम तक इंतजार होने के बाद परिषद की वेबसाइट पर सूची जारी नहीं हो सकी। माध्यमिक शिक्षा विभाग कार्यालय में बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची जारी होने की चर्चा दिन भर चली। कुछ संचालक तो विद्यालय की साफ-सुथरी छबि और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होने की वजह से परीक्षा केंद्र बनाए जाने को लेकर पहले से ही आश्वस्त है। जिन विद्यालयों को पहली बार केंद्र बनने का अवसर मिल सकता है वहां से संबंधित प्रबंधकों में ज्यादा ही उत्साह है। कार्यालय में तैनात बाबुओं और अधिकारियों के पास विद्यालय प्रबंधक और जनप्रतिनिधियों के फोन भी घनघनाते रहे। लोग परीक्षा केंद्रों की सूची के बारे में जानकारी प्राप्त करते रहे।
उन्हें उत्तर में नहीं का जवाब सुनना पड़ा। डीआईओएस उपेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्रों की सूची 27 नवंबर को जारी होनी थी लेकिन जारी नहीं हुई। शुक्रवार को भी शाम तक इंतजार किया गया लेकिन जारी नहीं हुई। अब देखिए बोर्ड कब सूची जारी करता है। जारी होगी तो इसकी सूचना दी जाएगी। ताकि लोग आपत्ति दर्ज करा सकें।