आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में शुक्रवार को कनेक्ट, कॉलेब्रेट, क्रिएट थीम पर इन्फ्लुएंसर मीट का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य शिक्षा में नवाचार और सांस्कृतिक गतिशीलता का केंद्र बनना है। यह आयोजन इस दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से सकारात्मक संदेश प्रसारित किए जा सकते हैं और युवाओं को विश्वविद्यालय के कोर्सेज की जानकारी पहुंचाने के लिए यह मंच प्रभावी है।
कुलपति प्रो. संजीव कुमार की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स, सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स और डिजिटल मार्केटर्स को एक मंच पर लाकर नेटवर्किंग, विचार-विमर्श और ब्रांड सहयोग की संभावनाओं को बढ़ावा देना था।
मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि यह पहल डिजिटल युग में शिक्षा को समकालीन प्लेटफॉर्म्स से जोड़ने की प्रतिबद्धता दर्शाती है। आजमगढ़, बलिया और मऊ से आए इन्फ्लुएंसर्स ने इस आयोजन पर उत्साह जताया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. शुभम राय और सूर्य प्रकाश अग्रहरि ने किया।
इस मौके पर त्रिशिका श्रीवास्तव, निधि सिंह, धीरज यादव, डॉ. प्रियंका, डॉ. विभा, डॉ. अंकुर, डॉ. शशि प्रकाश शुक्ला, कुलपति के निजी सहायक विपिन शर्मा सहित विभिन्न जनपदों के सोशल मीडिया विशेषज्ञ उपस्थित रहे।