बरदह। थाना क्षेत्र के चौकी गांव में ठगों ने सफाई का झांसा देकर एक महिला से करीब चार लाख रुपये के गहने उड़ा दिए। घटना एक सितंबर की है। बाइक सवार दो युवक एक कंपनी का पाउडर बेचते हुए गांव में पहुंचे। उन्होंने गहनों को साफ करने का दावा किया और इसी बहाने सुषमा तिवारी पत्नी बामदेव तिवारी से सोने जड़ित रुद्राक्ष की माला, हीरे की अंगूठी और एक सोने की अंगूठी ले ली।
बताया गया कि युवकों ने महिला को किसी बहाने घर के अंदर भेजा इसके बाद गहने लेकर फरार हो गए। घर पर मौजूद दो बुजुर्ग उनकी करतूत देखते ही रह गए। परिजनों ने काफी तलाश की, पर दोनों का सुराग नहीं मिला। बाद में पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। तीन दिन बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो पीड़िता ने लिखित तहरीर थाने में दी। थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तीन टीमें गठित की गई हैं। आसपास के थाना क्षेत्रों में भी इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं। आरोपियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।