दूसरे चरण का नामांकन संपन्न होने के साथ ही शनिवार को तीसरे चरण के पांच दिसंबर को होने वाले मतदान के लिए नामांकन का कार्य शुरू हो गया। नामांकन के कारण विकास खंड मुख्यालयों पर काफी गहमागहमी देखने को मिली।
तीसरे चरण में पांच दिसंबर को जनपद के छह ब्लाकों फूलपुर, पवई, अहरौला, मार्टीनगंज, अतरौलिया और मिर्जापुर में मतदान होगा। इसके लिए छहों ब्लाकों में शनिवार से नामांकन का कार्य शुरू हुआ। नामांकन के पहले दिन नामांकन करने वालों द्वारा फूलपुर तहसील में जमकर आचार संहिता की धज्जियां उड़ाई गई। मेजवां संवाददाता के अनुसार, फूलपुर तहसील में कुल 721 नामांकन दाखिल हुए।
इसमें प्रधान पद के 527 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के 194 नामांकन दाखिल हुए। पवई संवाददाता के अनुसार, नामांकन के पहले दिन विकास खंड में कुल 600 नामांकन दाखिल हुए। इसमें प्रधान पद 546 और सदस्य पद के 54 नामांकन हुए। अहरौला संवाददाता के अनुसार, पहले दिन कुल 552 नामांकन हुए। इसमें प्रधान पद के 472 और सदस्य पद पर 80 ने पर्चा भरा।
मार्टीनगंज संवाददाता के अनुसार, पहले दिन कुल 449 नामांकन दाखिल हुए। इसमें प्रधान पद के 382 और सदस्य पद के 67 नामांकन दाखिल हुए। बूढ़नपुर संवाददाता के अनुसार, अतरौलिया विकास खंड में पहले दिन कुल 256 नामांकन दाखिल हुए। इसमें प्रधान पद के 235 और सदस्य पद के 21 नामांकन हुए।
निजामाबाद संवाददाता के अनुसार, पहले दिन मिर्जापुर ब्लाक में कुल 755 नामांकन दाखिल हुए। इसमें प्रधान पद के लिए 530 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 225 नामांकन दाखिल किए गए। नामांकन को लेकर विकास खंड कार्यालयों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आए।