अहरौला। विकास खंड के चांदनी चौक पर बिजली विभाग ने पोल गाड़े और तार लगाए। पांच साल पहले चोर तार काटकर ले गए। तब से खंभों पर तार नहीं लगा सका। लोगों को काफी दूर से केबल खींच कर बिजली जलानी पड़ रही है। बाजारवासियों ने तार लगाने के लिए विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद विभाग हरकत में आया और एबीसी (एरियल बंच कंडक्टर) लगाने का प्रस्ताव भेजा है।
अहरौला विकास खंड स्थित चांदी चौक पर विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को बिजली का कनेक्शन देने के लिए पोल लगाए गए। पांच पोल पर विभाग ने विद्युत के तार खींचे लेकिन चोरों ने रात के समय इन तारों को काट लिया। तारों के कटने के बाद विभाग ने फिर से इन तारों को लगाने की जहमत नहीं उठाई। जिसका परिणाम हुआ कि लोगों को 500 से 600 मीटर दूर से केबल के सहारे कनेक्शन लेना पड़ रहा था। चोर अक्सर उनकी केबल भी काट ले जाते हैं। बार-बार लोगों ने विभाग से इसकी शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सोमवार को लोगों ने बाजार में पोल पर तार लगाने के लिए प्रदर्शन किया। इसके बाद विभाग हरकत में आया। रेड़हा सब स्टेशन के अवर अभियंता सोमनाथ प्रसाद ने बताया कि चांदनी चौक के बिजली विभाग के उपभोक्ताओं की समस्या गंभीरता से ली गई है। इसमें रिवैंप योजना के तहत एबीसी केबल एवं पोल लगाने का प्रस्ताव कार्य योजना के तहत पूर्ण कराया जाएगा। प्रस्ताव की स्वीकृति होते ही चांदनी चौक के उपभोक्ताओं की समस्या दूर हो जाएगी और ट्रांसफार्मर की भी क्षमता बढ़ाई जाएगी।