राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ ने गुरुवार को कुंवर सिंह उद्यान से जुलूस निकाला। जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम वित्त एवं राजस्व को सौंपा।
मांगों के समर्थन में रोजगार सेवकों ने बांह पर काली पट्टी बांध कुंवर सिंह उद्यान से जुलूस निकला जो एसपी आफिस, नेहरू हाल, रैदोपुर, शारदा चौराहा होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। जिलाध्यक्ष सच्चे लाल यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्रामविकास अधिकारी की भर्ती पर तत्काल रोक लगाकर ग्राम रोजगार सेवकों को विनियमित कर राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। मासिक मानदेय में वृद्िध की जाए।
प्रदेश में नवसृजित नगर निकायों की परिधि में सम्मिलित हो चुकी ग्राम पंचायतों के ग्राम रोजगार सेवकों को संबंधित जनपदों में ग्राम रोजगार सेवक के रिक्त पदों पर समायोजन किया जाए।
ग्राम पंचायतों द्वारा फर्जी प्रस्ताव के आधार पर अपने पदों से हटाए गए ग्राम रोजगार सेवकों को पुुन: उनके पदों पर बहाल किया जाए। इस मौके पर सच्चे लाल यादव, शैलेंद्र प्रताप सिंह, इंदल यादव, शिवाश्रय यादव समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।