महराजगंज। एसपी अनिल कुमार ने शुक्रवार को महराजगंज थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। थाने में मौजूद शस्त्रों की जांच के दौरान जब एक पिस्टल उठाकर एसपी ने खोलना चाहा तो काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान थाना प्रभारी सहित जिम्मेदारों की सांस अटकी रही। तभी एसपी के पीआरओ विनय कुमार मिश्रा ने कमान संभाली और पिस्टल खोलने में मदद की।
शुक्रवार की दोपहर लगभग डेढ़ बजे थाने पर पहुंचे एसपी को सबसे पहले सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने थाने की चौकीदारों और क्षेत्रीय लोगों से संवाद किया। चौकीदारों को कंबल वितरण कर परिसर में पौधरोपण किया। निरीक्षण में उन्होंने पुलिस कर्मियों की बैरक, मेस, साइबर हेल्प डेस्क, जन सुनवाई कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष व अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया और मेस को और आधुनिक बनाने व पुलिस कर्मियों के रहने व खाने की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि इस तरह की शिकायतें यदि प्राप्त होती हैं तो ऐसे लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।