जनपद में ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार से नामांकन पत्रों की बिक्री का कार्य शुरू हुआ। सोमवार को पहले दिन जहां 35 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा, वहीं मंगलवार को 64 लोगों ने खरीदा। दो दिनों में जनपद के 22 ब्लॉकों में कुल 99 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है।
मंगलवार को रानी की सराय विकास खंड में दो, तहबरपुर में दो, मुहम्मदपुर में दो, पल्हनी में तीन, सठियांव में दो, अजमतगढ़ में सात, महराजगंज में चार, हरैया में एक, फूलपुर में नौ, पवई में पांच, मिर्जापुर में दो, लालगंज में आठ, ठेकमा में छह, तरवां में आठ और पल्हना विकास खंड में तीन संभावित उम्मीदवारों ने नामांकन फार्म खरीदा।
दूसरे दिन जहानागंज, बिलरियागंज, कोयलसा, अतरौलिया, अहरौला, मार्टीनगंज और मेंहनगर में एक भी नामांकन पत्रों की बिक्री नहीं हुई। बिक्री के दूसरे दिन सबसे ज्यादा नामांकन नौ फार्म फूलपुर विकास खंड में बिके। पहले दिन भी सोमवार को फूलपुर में चार नामांकन पत्रों की बिक्री हुई थी। इस प्रकार दो दिनों में फूलपुर में सबसे ज्याद 13 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है। कोयलसा और अतरौलिया से अभी तक एक भी पर्चे नहीं बिके हैं।