आजमगढ़। रोडवेज के क्षेत्रीय कार्यशाला में अनियमितताओं का मामला आया है। यहां रोडवेज बसों की मरम्मत और रंग-रोगन के लिए शासन से बजट जारी होता है, लेकिन अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से निजी बसों समेत अन्य वाहनों की मरम्मत व पेंटिंग को प्राथमिकता दी जा रही है। अमर उजाला द्वारा प्रकाशित खबर को आरएम ने संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच कर जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
रोडवेज की क्षेत्रीय कार्यशाला, समेदा में सरकारी बसों की पेंटिंग के नाम पर निजी वाहनों को पेंट किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से कार्यशाला की मशीन और विभागीय पेंट कलर का दुरुपयोग किया जा रहा है। उक्त मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की। खबर को संज्ञान में लेते हुए आरएम मनोज वाजपेयी ने गंभीरता से लिया है। संबंधित अधिकारियों से सवाल किया गया है कि उनके अधीन कार्यशाला में इस तरह की गतिविधि कैसे संचालित हुई।
मामले में उच्चाधिकारियों ने संबंधित अधिकारी से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया है। चेतावनी दी गई है कि यदि समय पर जवाब नहीं मिला तो इसे उनकी चुप्पी माना जाएगा और उनके खिलाफ कार्यवाही के लिए रिपोर्ट उच्च प्रबंधन को भेजी जाएगी। आरएम मनोज कुमार वाजपेयी ने बताया कि उक्त मामले में जांच करने के लिए निर्देश दिए गए है। जांच में मामला सही पाया जाएगा तो फोरमैन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।