तहसील क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भादों की एक माह पूर्व बनी दीवार रविवार को ढह गई। हालांकि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ लेकिन निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा हो गया है।
बताते चलें कि मार्टीनगंज विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय भादों में 2010-11 में दो सौ मीटर बाउंड्रीवाल बनाने के लिए धन आया लेकिन काफी दिनों तक बाउंड्रीवाल का निर्माण शुरू नहीं हो सका।
निर्माण शुरू होने पर ग्रामीणों की शिकायत पर जब खंड शिक्षा अधिकारी ने मानक के अनुसार निर्माण कराने का दबाव बनाया तो प्रधानाध्यापक ने मात्र 40 मीटर ही बाउंड्री का निर्माण कराकर छोड़ दिया। वहीं, दीवार के निर्माण के समय ग्रामीणों ने भी निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया था लेकिन ग्रामीणों के आरोपों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसका परिणाम हुआ कि बनने के एक माह बाद ही दीवार धराशायी हो गई।
दीवार के अगल-बगल उस समय काफी संख्या में बच्चे खेल रहे थे। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ। उक्त बाउंड्रीवाल का निर्माण प्रधानाध्यापक आनंद प्रकाश गिरी ने कराया था। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि बाउंड्री की जेई से जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बाउंड्री फिर गुणवत्ता के साथ बनवाई जाएगी।