फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Azamgarh News: देवारा के सात गांवों के सीवान तक पहुंची सरयू, अजगरा में चलने लगीं नावें

विज्ञापन
खरैलिया ढाला-अजगरा संपर्क मार्ग पर नाव से घर जाते स्कूली बच्चे । संवाद
विज्ञापन
सरयू के रौद्र रूप ने देवारा क्षेत्र में एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है। पिछले 48 घंटे में बदरहुआ नाले पर नदी का जलस्तर 92 सेंटीमीटर और डिघिया पर 152 सेंटीमीटर बढ़ने से पानी चक्की, देवारा खास राजा, बांका, बुढ़नपट्टी, शाहडीह, अजगरा और इस्माइलपुर गांवों की सीवान तक पहुंच गया है।पानी तेजी से खेतों और सीवान में फैल रहा है। अजगरा में आवागमन के लिए नाव चलानी पड़ रही है। बदरहुआ नाले पर नदी खतरा बिंदु पर पहुंच गई है तो डिघिया पर 62 सेमी ऊपर उफन रही है।
विज्ञापन

सरयू के लगातार बढ़ते जलस्तर से तटवर्ती गांवों के लोगों में फिर बाढ़ की आशंका गहरा गई है। ग्रामीण नदी के बढ़ते पानी पर लगातार नजर रख रहे हैं। पानी इसी गति से बढ़ता रहा तो सोनौरा, अभनपट्टी, आराजी अजगरा मगरवी, बेलहिया, अचल नगर, हैदराबाद, रोशनगंज और उर्दिहा समेत कई अन्य गांव भी प्रभावित हो सकते हैं।
महुला से गढ़वल तक करीब 42 किलोमीटर क्षेत्र में 134 गांव आते हैं। इन गांवों की आबादी करीब सवा लाख है। बाढ़ आने पर इस पूरे क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित होने की आशंका रहती है।
विज्ञापन

पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश और बैराजों से छोड़े जा रहे पानी को नदी के बढ़ते जलस्तर की प्रमुख वजह बताया जा रहा है। पानी बढ़ने के साथ ग्रामीणों की चिंता गांवों तक सीमित नहीं है। खेतों में पानी पहुंचने से फसलों के नुकसान का खतरा भी बढ़ गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में बीमारी से परेशान लोगों की संख्या भी बढ़ रही है।

बदरहुआ में खतरे के निशान पर पहुंचा जलस्तर
लाटघाट। सरयू के जलस्तर में लगातार तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। बदरहुआ नाले पर रविवार शाम चार बजे जलस्तर 71.14 मीटर दर्ज किया गया था, जो सोमवार को 54 सेमी बढ़कर 71.68 मीटर पहुंच गया। यह बदरहुआ के खतरा बिंदु 71.68 मीटर के बराबर है। वहीं डिघिया नाले पर जलस्तर 70.22 मीटर से 80 सेमी बढ़कर 71.02 मीटर पहुंच गया। यहां पानी खतरा बिंदु 70.40 मीटर से 62 सेमी ऊपर है। डिघिया नाले का न्यूनतम जलस्तर 68.90 मीटर, खतरा बिंदु 70.40 मीटर और अधिकतम जलस्तर 72.59 मीटर निर्धारित है। इसी तरह बदरहुआ नाले पर न्यूनतम जलस्तर 70.25 मीटर, खतरा बिंदु 71.68 मीटर और अधिकतम जलस्तर 73.52 मीटर है। जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे गांवों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वर्जन
बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। तहसीलदार और नायब तहसीलदार लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। बाढ़ चौकियों पर कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। बीडीओ हरैया को गांवों में तत्काल दवा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए हैं। सोनौरा-खरैलिया ढाला-अजगरा संपर्क मार्ग पर नाव चलाई जा रही है। -संजीव कुमार राय, एसडीएम सगड़ी।

खरैलिया ढाला-अजगरा संपर्क मार्ग पर नाव से घर जाते स्कूली बच्चे । संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें