लालगंज विकासखंड के कस्बा लालगंज स्थित सिनेमा तिराहे के पास विगत कई महीनों से खराब हुए पिच मार्ग पर मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। धूल लोगों को परेशान कर रही है। इससे परेशान लोगों ने रविवार को मार्ग पर खड़े होकर प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि कस्बा लालगंज से सटे सिनेमा हॉल तिराहे एवं मसीरपुर के बीच आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग कई माह से गड्ढे में तब्दील हो चुका था।
कई महीनों बाद प्रशासन की आंख खुली तो दो दिन पहले मिट्टी डलवा दिया गया। आलम यह है कि तेज हवा एवं गाड़ियों के आवागमन के कारण सड़क के पूर्व एवं पश्चिम रहने वाले लोग धूल फांक रहे हैं। समस्या का निदान नहीं किया गया तो हम लोग आंदोलन के लिए विवश होंगे।