क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम के सहयोग से शनिवार को सरायमीर थाने की पुलिस बस्ती नहर के पास से चोरी की आठ बाइकों के साथ तीन चोरों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह के सदस्य चोरी की बाइकों को ओएलएक्स कंपनी के जरिए ऑनलाइन दाम तय करके बेचते थे। पुलिस ने गिरफ्तार चोरों को जेल भेज दिया। बरामद हुई बाइकों के असली मालिकों की तलाश में पुलिस जुटी है।
एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक गिरफ्तार किए गये चोरों में अंशदीप सिंह उर्फ टिंकू सिंह पुत्र स्व. श्याम बहादुर सिंह कप्तानगंज थाने के वाजिदपुर गांव निवासी, इसी थाने के डेगूरपुर गांव निवासी सूर्य प्रताप सिंह उर्फ बिक्कू पुत्र विंध्याचल सिंह और इसी थाने के कुसमहरा गांव निवासी मुकेश यादव पुत्र रामचंद्र यादव हैं। एसपी ग्रामीण के मुताबिक यह तीनों पेशेवर चोर हैं।
मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक सरायमीर अनिल सिंह, स्वाट टीम प्रभारी आनंद सिंह के साथ मिलकर शनिवार को सरायमीर थाने के बस्ती नहर के पास से तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी निशानदेही पर छिपाकर रखी गयी चोरी की आठ बाइकें बरामद हुई। बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलते हैं। चोरी की इन बाइकों को सभी ऑनलाइन ओएलएक्स कंपनी के जरिए आनलाइन इसे बेच देते हैं। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के नाम और पते की जानकारी हुई है। उनकी गहनता से तलाश की जा रही।