सगड़ी तहसील क्षेत्र के सहबदिया में कटान करती घाघरा।
- फोटो : संवाद
लाटघाट। हर साल बरसात में खेत में धान बोते थे, इस बार जमीन ही नहीं खोती जा रही है। देवारा खास राजा गांव के किसान रामकिशोर यादव की आंखें उस वक्त भर आईं, जब उन्होंने देखा कि घाघरा नदी धीरे-धीरे उनके खेत को निगलती जा रही है। खेत, जिसमें सालों की मेहनत और परिवार की उम्मीदें बोई गई थीं। घाघरा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बीते 24 घंटे में नदी का पानी 57 सेंटीमीटर तक बढ़ गया है। बदरहुआं नाले पर जलस्तर अब 70.25 मीटर और डिघिया नाले पर 69.51 मीटर पहुंच चुका है। हालांकि खतरे के निशान से अभी 1.43 मीटर नीचे है, लेकिन ग्रामीणों की चिंता लगातार बढ़ रही है। सगड़ी तहसील के देवारा खास राजा और सहबदिया गांवों में कटान की रफ्तार तेज हो चुकी है। हर रोज़ थोड़ी-थोड़ी जमीन नदी में समा रही है। पता नहीं कल तक क्या बचेगा यह कहना है 58 वर्षीय किसान लल्लन मौर्य का, जिनकी दो बीघा जमीन में से आधा हिस्सा अब नदी की गोद में चला गया है।
प्रशासन सतर्क, 10 बाढ़ चौकियां स्थापित
प्रशासन ने स्थिति को गंभीर मानते हुए महुला, गांगेपुर, हाजीपुर, जमुवारी, ईश्माइलपुर, हैदराबाद, शिवपुर, कुड़ही, सहदेवगंज और उल्टहवा में बाढ़ चौकियां स्थापित कर दी हैं। राहत और बचाव टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। एसडीएम सगड़ी श्याम प्रताप सिंह के अनुसार, स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि जलस्तर तेजी से बढ़ा या कटान और गंभीर हुआ, तो तत्काल राहत शिविर सक्रिय किए जाएंगे।