रौनापार थाना क्षेत्र में फायरिंग कर चार लाख रुपये नकद और सोने की दो चेन लूटने की सूचना जांच में झूठी पाई गई। सूचना देने वाले युवक ने मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों पर लूट का आरोप लगाया था। जांच में घटना की पुष्टि नहीं होने पर पुलिस ने युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने बताया कि 21 अक्तूबर को खेतापुर गांव निवासी मिथिलेश गौतम (23) ने सूचना दी कि देवरिया रोड पर मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर उसका हैंडबैग छीन लिया।
बैग में चार लाख रुपये नकद और दो सोने की चेन रखी होने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान फायरिंग कर लूट किए जाने की सूचना असत्य पाई गई।
इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के आरोप में 23 अक्तूबर को मिथिलेश गौतम के खिलाफ रौनापार थाने में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में कार्रवाई शुरू कर दी है।