आजमगढ़। जनपद में गेहूं की खरीद बंद हुए 20 दिन से ज्यादा समय बीत गया है। अभी तक 3194 टन गेहूं क्रय केंद्रों पर डंप है। बारिश के मौसम में गेहूं का सुरक्षित भंडारण नहीं होने से नमी का खतरा बढ़ गया है। कारण कि कई समितियां जर्जर हाल में हैं। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के लिए शासन की ओर से 37 हजार मीट्रिक टन का लक्ष्य दिया गया था। लक्ष्य के सापेक्ष गेहूं खरीद के लिए विपणन शाखा के 21, पीसीएफ के 57 और भारतीय खाद्य निगम के दो क्रय केंद्र बनाए गए थे। संभागीय खाद्य नियंत्रक कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार 15 जून तक लक्ष्य के सापेक्ष 98.33 प्रतिशत यानी 36382 टन की खरीद हुई। केंद्रों पर क्रय के साथ ही गेहूं का भारतीय खाद्य निगम में भंडारण किया जाना है। इसके लिए जीपीएस लगे 45 ट्रकों को लगाया गया है। बारिश का मौसम शुरू हो चुका है। अभी तक 33128 मीट्रिक टन एफसीआई को भेजा जा सका है। जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण लालगंज, अतरौलिया, फूलपुर, पल्हना आदि क्षेत्रों के पीसीएफ के केंद्रों पर 1534.90 और विपणन शाखा के क्रय केंद्रों पर 1658.89 टन गेहूं डंप पड़ा है। हरैया के मोहम्मदपुर क्रय केंद्र में 570 क्विंटल गेहूं का उठान नहीं हो सका है।
विज्ञापन
बरदह के पसिका केंद्र पर तिरपाल से ढका गया है गेहूं बरदह। विकास खंड ठेकमा के चार क्रय केंद्रों से किसानों से खरीदे गए गेहूं का उठान नहीं हुआ है। क्रय केंद्र पसिका में 963.50 क्विंटल, मनीरामपुर में 800 क्विंटल, मुड़हर में 1100 क्विंटल और गोेमाडीह में 900 क्विंटल गेहूं डंप पड़ा है। पसिका के सचिव विजय बहादुर यादव ने बताया कि कई दिनों से अधिकारी आश्वासन दे रहे हैं। गेहूं बचाने के लिए क्रय केंद्र की छत पर तिरपाल लगाया गया है। जल्दी से उठान नहीं हुआ तो सरकारी गेहूं खराब हो सकता है। संवाद
ठेकेदार गाड़ी ही नहीं भेज रहे, इस कारण नहीं हो रहा उठान
अतरौलिया। क्षेत्र के चार क्रय केंद्रों में से गजईपुर मुंडेरा और इदिलपुर से गेहूं का उठान हो गया है। दो क्रय केंद्रों पर अभी भी गेहूं डंप पड़ा है। क्रय केंद्र अतरौलिया में तीन हजार क्विंटल और भटपुरवा में दो हजार क्विंटल रखा है। भटपुरवा के सचिव अशोक मेहता ने बताया कि सूचना देने के बाद भी ठेकेदार गाड़ी नहीं भेज रहे हैं। इस कारण गेहूं का उठान नहीं हो रहा है। अब बरसात भी शुरू हो गई है। संवाद
विज्ञापन
गेहूं की ढुलाई के लिए 45 ट्रक लगाए गए हैं। क्रय केंद्रों से 15 जुलाई तक गेहूं उठाने का समय दिया गया है। गेहूं उठाया भी जा रहा है। तय समय से पहले हम लोग एफसीआई में गेहूं भिजवा देंगे। - अंशुमाली शंकर, डिप्टी आरएमओ
पीसीएफ के क्रय केंद्रों से गेहूं का उठान हो रहा है। जिन जगहों से गेहूं का उठान नहीं हो पाया है, वहां से दो से तीन दिनों में गेहूं का उठान कर लिया जाएगा।