वेतन आयोग की ओर से कैंची चलाए जाने का डाककर्मियों ने एक स्वर में विरोध जताया है। विसंगतियों को लेकर प्रधान डाकघर परिसर में शुक्रवार को कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। साथ ही मांग न पूरी होने पर रणनीति के तहत लड़ाई का निर्णय लिया। इस दौरान एक कर्मचारी नेता भूख हड़ताल पर रहे।
अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ के प्रखंडीय मंत्री जनार्दन शाही ने कहा कि डाक कर्मचारी सातवें वेतन आयोग की गलत संस्तुतियों और सरकार की धोखेबाजी के खिलाफ आंदोलन को बाध्य हुए हैं। कहा कि वह वेतन विसंगतियों और सरकार के इस दमनकारी नीति के विरोध में एक दिन भूखहड़ताल पर रहेंगे।
बताया कि सातवें वेतन आयोग द्वारा एक पक्षीय रिपोर्ट पेश करके केंद्रीय कर्मचारियों की सारी आशाओं पर पानी फेर दिया गया है। सारे कर्मचारी वेतन आयोग द्वारा चलाई गई कैंची से हतप्रभ और आक्रोशित हैं, तथा फरवरी में एकजुट होकर लड़ाई की तैयारी कर रहे हैं।
विरोध प्रदर्शन करने वालों में रामदयाल यादव, केदार यादव, सूर्य प्रकाश यादव, आरएस दूबे, सचित्र मिश्रा, एसएन देव, आकाश साव, मारतंड मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे।