जहानागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के टड़वा गांव निवासी एक व्यक्ति बुधवार की रात पैदल ही कहीं से घर जा रहा था। अभी वह गांव के चकरोड पर ही पहुंचा था कि टूटकर गिरे बिजली की तार की चपेट में आ गया। परिजन उसे इलाज के लिए ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
टड़वा गांव निवासी 45 वर्षीय चंद्रिका यादव पुत्र सुदर्शन एक साल पूर्व तक राजकीय मेडिकल कालेज में बतौर गार्ड तैनात थे। वर्तमान में वह घर पर ही रह कर खेतीबाड़ी करते थे। बुधवार की रात वह कहीं से पैदल ही घर लौट रहे थे। घर से कुछ दूरी पर चकरोड से गुजरने के दौरान टूट कर गिरे बिजली की तार की चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही ग्रामीण व परिजन भाग कर मौके पर पहुंचे और उन्हें तार से अलग कर इलाज के लिए लेकर रवाना हुए। परिजन कई डॉक्टरों के पास उन्हें ले गए लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक दो पुत्र व एक पुत्री का पिता बताया गया है।