संवाद न्यूज एजेंसी
आजमगढ़। परिवहन विभाग के नियमों को सरेआम सड़कों पर रौंदे जा रहे हैं। यात्री वाहनों की सीटों व छतों पर ट्रांसपोर्ट की सामग्री और सब्जी मंडी से भारी मात्रा में सब्जियां ढोया जा रहा है। इस पर सख्त पाबंदी होने के बावजूद नियमों का पालन कराने वाले परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल के अधिकारी चुप हैं।
परिवहन विभाग के मुताबिक जिस वाहन का यात्री परमिट है तो उसमे सिर्फ यात्री ही ढोए जा सकते हैं। यात्री वाहन में सामान ढोना नियम के विरुद्ध है। इसके बाद भी जिले में ई-रिक्शा व ऑटो चालक नियम को तोड़ते हुए ई-रिक्शा पर सामान ढो रहे हैं। नियमों का पालन कराने वाला कोई नहीं है। इसकी बानगी शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में देखने को मिलेगी। वाहन चालक नियमों को ताक पर रखकर बेधड़क सभी रूटों पर अपने वाहन दौड़ा रहे हैं। जबकि यात्री और मालवाहक वाहनों की चेकिंग कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल को सौंपी हुई है। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है। तिराहा और चौराहा पर तैनात पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहते हैं।