शहर कोतवाली के शारदा चौराहे पर मौजूद देशी शराब के ठेके को बंद कराने को लेकर चलाया जा रहा धरना लगातार 11वें दिन भी जारी रहा।
इस दौरान झाड़ू लेकर प्रदर्शन कर रही गुस्साई महिलाओं ने शराब लेने पहुंचे कुछ पियक्कड़ों की झाड़ू और डंडों से धुनाई कर डाली। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक प्रशासन उक्त शराब ठेके को नहीं हटाता, धरना जारी रहेगा। बाद में महिलाओंने डीएम को ज्ञापन सौंपा।
देशी शराब ठेके को हटवाने के लिए मुहल्लेवासी काफी समय से आंदोलित है। कई बार चक्का जाम के साथ-साथ प्रदर्शन भी किया गया। कोई सुनवाई न होने पर महिलाओं सहित पुरुषों ने नौ फरवरी से शराब की दुकान के बाहर धरना देना शुरू कर दिया। गुरुवार की दोपहर कुछ लोग शराब लेने ठेके पर पहुंचे।
धरने पर बैठी महिलाओं ने उन्हें यहां से शराब खरीदने से मना किया। उनके न मानने पर गुस्साई महिलाओं ने पियक्कड़ों की झाड़ू और डंडों से धुनाई शुरू कर दी। मुहल्ले ने बीचबचाव कर मामला संभाला।
राहुल नगर मड़या के सभासद मुखराम निषाद ने कहा कि जब तक देशी शराब का ठेका नहीं बंद हो जाता, मुहल्लेवासियों का धरना जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि देशी शराब के ठेके को बंद कराने को लेकर शुक्रवार को मुहल्ले वाले चक्का जाम करेंगे। धरने में सोनी, बच्ची, मुन्नी, दुर्गावती, चंपा, धर्मदेयी, मीरा, शीला, सुनीता, कौशिल्या,
सोनी, आशा, बसंती, चंद्रमती, तारा, विद्या, सुभावती, सुखराजी, लीला, माया, गीता, सोनमती, गुड्डी आदि शामिल थे।