बोर्ड परीक्षा के पहले दिन गुरुवार को परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था से आपाधापी का माहौल रहा। वहीं प्रथम पाली की परीक्षा में हाईस्कूल हिंदी के 19070 छात्रों ने परीक्षा छोड़ी।
जबकि शाम की पाली में कितने छात्र अनुपस्थित हुए इसका आंकड़ा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बने कंट्रेाल रूम में उपलब्ध नहीं था। निरीक्षण में इंटर के दो छात्र नकल करते पकड़े गए जबकि चार कक्ष निरीक्षक कार्यमुक्त किए गए।
बोर्ड परीक्षा में जिले से कुल 242552 छात्र शामिल हुए। इसमें हाईस्कूल के 136256 तथा इंटरमीडिएट कक्षा में 106296 छात्र हैं।
इन छात्रों की सुविधा के लिए जिले में कुल 375 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। साथ ही परीक्षा की सुचिता बरकरार रखने के लिए छह सचल दस्ता तथा 38 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे।
मेहनगर संवाददाता के अनुसार तहसील क्षेत्र में मौजूद परीक्षा केंद्र चौरी बेलहा इंटर कालेज तरवां में हाईस्कूल के 284 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी।
परीक्षा का पहला दिन होने के कारण छात्र-छात्राओं में केंद्र पर पहुंचने की आपाधापी मची थी। उधर, उपशिक्षा निदेशक आजमगढ़ मंडल प्रभारी वीपी सिंह ने मंडल के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
सुबह की पाली में महर्षि भारद्वाज उमावि अमरहठ मऊ में कक्ष निरीक्षक पप्पू कुमार, किस्मती देवी और वंदना चौहान को कार्यमुक्त किया।
जेजे इंटर कालेज बाहरपुर भीमपुरा बलिया में निरीक्षण के दौरान इंटर के दो छात्रों को नकल नकल करते पकड़े जाने पर रिस्टीकेट कर दिया।
रामलखन इंटर कालेज शेखपुर बलिया मे दो हिंदी विषय के अध्यापक कक्ष निरीक्षक के रुप में लगाए गए थे, जानकारी होने पर उन्होंने दोनों को कार्यमुक्त किया।
जबकि जिला विद्यालय निरीक्षक केपी सिंह यादव ने डा. मसूद उमावि सुंभी में हिंदी विषय की अध्यापिका कल्यानी को ड्यूटी किए जाने पर कार्यमुक्त कर दिया गया।