रिलीफ इंडिया क्लब की ओर से रविवार को हरिऔध कला केंद्र में ‘एक शाम अमर बलिदानियों के नाम’ सांस्कृतिक संध्या एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें शहीद सैनिकों के परिजनों, पूर्व सैनिकों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित कर उनके त्याग और राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडल की अपर आयुक्त ज्योति राय सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में देशभक्ति गीत, सामूहिक गायन, नृत्य और योगासन की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
विभिन्न विद्यालयों और डांस एकेडमी के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में कर्नल बालेन्दु सिंह सेंगर, अमर शहीद रामसमूझ यादव और विनय उपाध्याय के परिजनों को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही थलसेना, वायुसेना और नौसेना में सेवाएं दे चुके सैन्यकर्मियों को भी सम्मान प्रदान किया गया। स्वतंत्रता सेनानी स्व. रामहर्ष सिंह, स्व. लक्ष्मीकांत मिश्र और स्व. सुरेंद्र नाथ यादव के परिजनों को भी सम्मानित किया गया।
विशिष्ट अतिथि सतीश राय ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों का त्याग और बलिदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम संचालक एवं क्लब के सचिव राघवेंद्र मिश्रा लड्डू ने कहा कि शहीद परिवारों का सम्मान राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान के लिए कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है।
गौरव रघुवंशी ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करते हैं। समारोह में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों और टीमों को भी पुरस्कृत किया गया। इस दौरान डॉ. सीके त्यागी, श्रीकृष्ण पाल, जितेंद्र बहादुर सिंह, प्रेमप्रकाश राय, अशोक अग्रवाल, राजेंद्र यादव, अजय अग्रवाल, पवन कुमार, संतोष श्रीवास्तव, राणा प्रताप राय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में क्लब के संरक्षक डॉ. सीके त्यागी ने आभार जताया।