सिधारी थाना क्षेत्र के बैठौली के पास रविवार शाम एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टेंपो चालक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 40 वर्षीय टेंपो चालक मुन्ना राम की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान बैठौली गांव निवासी मुन्ना राम के रूप में हुई है, जो पेशे से टेंपो चालक था। रविवार शाम मुन्ना राम ने अपना टेंपो सड़क किनारे खड़ा कर सब्जी खरीदी थी।
सब्जी खरीदने के बाद उसने अपने बेटे हरिकेश को थैला दिया। इसके बाद वह पैदल सड़क पार कर अपने टेंपो की ओर जा रहा था। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। आसपास मौजूद लोगों ने घायल मुन्ना राम को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।