अहरौला सीएचसी के गेट पर रात को लगा ताला,फर्श पर तड़ता मरीज।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला का वायरल वीडियो एक बार फिर स्वाथ्य महकमा की पोल खोलकर रख दिया। गेट पर ताला बंद होने से मरीज फर्श पर लेटकर तड़पता रहा। इसे लेकर तीमारदारों ने सीएमओ से इसकी शिकायत की है। साथ ही मामले की जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
अहरौला के रहने वाले एक युवक को शुक्रवार की रात करीब 11 बजे उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। पेट में दर्द अधिक होने से वह कराह रहा था। परिजन व आसपास के लोग उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला पहुंचे। जहां गेट में ताला बंद मिला। चिकित्सा प्रभारी को कई बार फोन किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद परिजनों ने इसकी शिकायत सीएमओ को फोन पर की। शिकायत के बाद स्वास्थ्य कर्मी हरकत में आ गए। कुछ ही देर बाद एक चिकित्सक पहुंचे और फर्श पर लेटे हुए युवक को वहीं पर दवा लिखी। इसके बाद वह चले गए। इसके बाद एक अस्पताल कर्मचारी आया और कुछ देर रहा इसके बाद गेट में ताला बंद कर घर चला गया। इस मामले में आशा संघ की अध्यक्ष बृजबाल सिंह व उसके परिजनों ने सवाल करते हुए कहा कि इस तरह के रवैये से कभी भी किसी व्यक्ति की जान जा सकती है। वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है।