त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के लिए गुरुवार को सुबह सात बजे वोट डाले जाएंगे। 463 सीटों के लिए 707670 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
बुधवार को रवाना हुई पोलिंग पार्टियां गुरुवार को मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं। जनपद में चार चरणों में मतदान होना था। तीन चरणों में जनपद के 17 ब्लाकों में वोटिंग हो चुकी है।
चौथे और अंतिम चरण के लिए जनपद के पांच ब्लाकों लालगंज, मेंहनगर, ठेकमा, पल्हना और तरवां ब्लाक में वोटर अपना पसंदीदा उम्मीदवार चुनेंगे। बुधवार को पोलिंग पार्टियां भी विकास खंडों के लिए रवाना होकर गुरुवार को सुबह मतदान केंद्रों पर पहुंच गई।
गुरुवार को 438 मतदान केंद्रों के 1251 बूथों पर जिला पंचायत की 18 सीटों और क्षेत्र पंचायत की 445 सीटों के लिए मत डालें जाएंगे। अंतिम चरण में जिला पंचायत की 18 सीटों के लिए 293 और क्षेत्र पंचायत की 445 सीटों के लिए 2106 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
गुरुवार की सुबह सात बजे से मतदान का कार्य शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। मेंहनगर संवाददाता के अनुसार, आरओ अवधेश गुप्ता ने पंचायत चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए क्षेत्र को दो जोन और नौ सेक्टरों में बांटा है।
कुल 255 बूथों पर मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां पहुंच चुकी हैं। एडीओ पंचायत मूलचंद ने बताया कि 255 बूथों में से पांच ऐसे बूथ बनाए गए हैं। जहां टेंट डालकर मत डाला जाएगा। यहां पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।